राजगीर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। महिला कबड्डी विश्व कप 2025 का आयोजन 1 जून से 10 जून के बीच बिहार के राजगीर शहर में किया जाएगा। यह दूसरी बार है जब राजगीर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेज़बानी करेगा।
इस बार के टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत के अलावा, ईरान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, नीदरलैंड, जापान, पोलैंड, अर्जेंटीना, हंगरी, जर्मनी, केन्या और युगांडा की टीमें भी इस मुकाबले में भाग लेंगी।
स्टेट स्पोर्ट्स एकेडमी, राजगीर को इस प्रतियोगिता का मुख्य स्थल बनाया गया है। दर्शकों के लिए मैच देखने की व्यवस्था निशुल्क होगी, लेकिन इसके लिए ऑनलाइन पास पंजीकरण आवश्यक होगा। जिन दर्शकों के पास पास नहीं होंगे, उनके लिए आयोजन स्थल के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
अमेट्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव जितेन्द्र प्रण सिंह ठाकुर और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं CEO, रवीन्द्रन शंकरण, IPS ने इस आयोजन की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत करते हुए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर टीम इंडिया की कप्तान सोनाली विष्णु और उपकप्तान पुष्पा राणा भी उपस्थित रहीं। उनके अलावा रवींद्रनाथ चौधरी, आनंद कुमार, संजय कुमार, तेजस्वी सिंह गहलोत और कुमार विजय जैसे कई गणमान्य अतिथि भी समारोह में शामिल हुए।