ब्रिटेन की एथल कैटरहैम अब आधिकारिक रूप से दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला बन गई हैं। 115 साल और 252 दिन की उम्र में उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। यह जानकारी लॉन्गेवीक्वेस्ट और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने पुष्टि की है।
एथल कैटरहैम वर्तमान में इंग्लैंड के सरे (Surrey) स्थित एक केयर होम में रह रही हैं। 30 अप्रैल को ब्राज़ील की 116 वर्षीय नन, सिस्टर इनाह कनाबारो लुकास के निधन के बाद एथल को यह खिताब मिला।
1909 में जन्मी आखिरी जीवित व्यक्ति
एथल कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। वे 1909 में जन्म लेने वाली आखिरी जीवित व्यक्ति हैं। इतना ही नहीं, वे पिछले 12 वर्षों में इस खिताब को पाने वाली सबसे “कम उम्र” की महिला भी हैं।
2020 में जब वे 110 वर्ष की थीं, तब वे कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थीं, लेकिन उन्होंने इस घातक वायरस को भी मात दी थी।
जीवन की कहानी – भारत, हॉन्ग कॉन्ग और फिर इंग्लैंड
21 अगस्त 1909 को हैम्पशायर में जन्मी एथल आठ भाई-बहनों में दूसरी सबसे छोटी थीं। 18 वर्ष की आयु में वे भारत आईं और एक नानी (nanny) के रूप में कार्य किया। भारत में बिताए गए समय को वे आज भी याद करती हैं।
वापस लौटने पर उन्होंने 1931 में एक डिनर पार्टी में ब्रिटिश आर्मी के मेजर नॉर्मन कैटरहैम से मुलाकात की और दो साल बाद साल्सबरी कैथेड्रल में उनसे विवाह किया। शादी के बाद वे हॉन्ग कॉन्ग और जिब्राल्टर में भी रहीं। विदेश प्रवास के दौरान उन्होंने बच्चों के प्रति अपने लगाव को बरकरार रखते हुए एक नर्सरी भी शुरू की।
यूनाइटेड किंगडम लौटने के बाद यह दंपति सरे में बस गया, जहां उनकी दो बेटियां जेम और ऐनी का जन्म हुआ। दुर्भाग्यवश, जेम की मृत्यु 2000 के दशक की शुरुआत में और ऐनी की 2020 में 82 वर्ष की आयु में हो गई।
एथल के पति नॉर्मन की मृत्यु 1976 में हुई थी। अब वे अपने परिवार की आखिरी जीवित सदस्य हैं।
लंबी उम्र का राज?
सालिसबरी जर्नल से बातचीत में एथल ने अपनी लंबी उम्र का राज साझा किया:
“हर मौके को ‘हां’ कहो, क्योंकि आपको नहीं पता कि वह आपको कहां ले जाएगा। सकारात्मक सोच रखो और हर चीज़ में संतुलन रखो।”
उन्होंने मुस्कराते हुए यह भी जोड़ा, “कभी किसी से बहस मत करो। बस सुनो और जो अच्छा लगे, वो करो।”
अब भी स्वस्थ, बगिया में बैठना पसंद
एथल आज भी स्वस्थ हैं और उन्हें अपने केयर होम की बगिया में बैठना बहुत पसंद है। खास बात यह है कि इस बगिया का नाम अब उनके सम्मान में “एथल्स गार्डन” रख दिया गया है।
एथल कैटरहैम का जीवन न केवल लंबा, बल्कि प्रेरणादायक भी है। उनका दृष्टिकोण, साहस और सकारात्मकता हर महिला के लिए एक मिसाल है।