लंदन — ब्रिटेन ने रविवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ब्लेज़ मेट्रेवेली को देश की विदेशी खुफिया एजेंसी MI6 (सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस) की पहली महिला प्रमुख नियुक्त किया है। मेट्रेवेली वर्तमान में MI6 की तकनीकी प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं और “क्यू” (Q) के नाम से जानी जाती हैं।
47 वर्षीय मेट्रेवेली ने 1999 में MI6 जॉइन किया था और अपने करियर का अधिकांश समय मध्य पूर्व और यूरोप में संचालनात्मक (operational) भूमिकाओं में बिताया है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वह इस शरद ऋतु में पांच वर्षों की सेवा पूरी कर रहे मौजूदा प्रमुख रिचर्ड मूर की जगह लेंगी।
अपने नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए मेट्रेवेली ने कहा, “मैं अपने सेवा का नेतृत्व करने के लिए चुने जाने पर गर्व और सम्मान महसूस कर रही हूं।” MI6 प्रमुख के रूप में उन्हें कोडनेम “सी” (C) से जाना जाएगा।
MI6, जिसकी स्थापना 1909 में हुई थी, अब MI5 (घरेलू खुफिया एजेंसी) और GCHQ (संचार खुफिया एजेंसी) जैसी अन्य प्रमुख ब्रिटिश एजेंसियों की पंक्ति में शामिल हो गई है, जिन्होंने पहले ही महिला प्रमुखों को नियुक्त किया है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, जो इस समय G7 सम्मेलन के लिए कनाडा में हैं, ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब देश “अभूतपूर्व खतरों” का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि ब्लेज़ देश की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करती रहेंगी।”
विशेषज्ञों के अनुसार, मेट्रेवेली के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां रूस, चीन और ईरान से जुड़ी खुफिया गतिविधियों से निपटना होंगी। MI6 और अन्य एजेंसियों का आरोप है कि रूस यूक्रेन के समर्थन में खड़े देशों को डराने के लिए sabotage अभियान चला रहा है। वहीं, MI6 प्रमुख मूर ने 2021 में चीन को एजेंसी की “सबसे बड़ी प्राथमिकता” बताया था। MI5 का कहना है कि 2022 से अब तक ईरान ब्रिटेन में 20 हत्या, अपहरण या असंतुष्टों पर हमले की साजिशों में शामिल रहा है।
मेट्रेवेली की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी प्रभावशाली रही है। उन्होंने कैंब्रिज विश्वविद्यालय से मानवशास्त्र (Anthropology) की पढ़ाई की है और पहले MI5 में निदेशक स्तर की भूमिका निभा चुकी हैं।
गौरतलब है कि MI5 को 1992 में पहली महिला प्रमुख स्टेला रिमिंगटन और फिर 2002 से 2007 तक एलिजा मैनिंगहम-बुलर का नेतृत्व मिला था। वहीं 2023 में GCHQ को भी पहली बार महिला निदेशक मिली थीं।
दिलचस्प बात यह है कि ब्लेज़ मेट्रेवेली की यह ऐतिहासिक नियुक्ति उस क़रीब 30 साल पुरानी कल्पना को भी साकार करती है, जब जेम्स बॉन्ड फिल्म GoldenEye में अभिनेत्री जुडी डेंच ने पहली बार MI6 की महिला प्रमुख की भूमिका निभाई थी।